देव समागम का अनूठा संगम
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला मंडी में देव मिलन की सदियों पुरानी परंपरा का निर्वाह करते हुए वीरवार को रिमझिम बारिश के बीच दूसरी जलेब माधो राय मंदिर से पड्डल के लिए रवाना हुई।
मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला मंडी में देव मिलन की सदियों पुरानी परंपरा का निर्वाह करते हुए वीरवार को रिमझिम बारिश के बीच दूसरी जलेब माधो राय मंदिर से पड्डल के लिए रवाना हुई। जलेब में स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शामिल होना था। बजट सत्र के कारण वह जलेब की अगुवाई नहीं कर सके। ऐसे में उपायुक्त देवेश कुमार ने माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की। वह माधो राय की अगुवाई में शिवरात्रि महोत्सव की दूसरी जलेब में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शोभा यात्रा माधो राय मंदिर से आरंभ होकर पड्डल मैदान में सम्पन्न हुई। शोभा यात्रा में जनपद के सैकड़ों देवताओं ने अपने देवलुओं व बजंतरियों सहित शिरकत की। देव धुनों पर नाचते गाते देवलु पड्डल मैदान पहुंचे।
देव समागम का अनूठा संगम-
पड्डल मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त देवेश कुमार ने कहा कि देव समागम के इस अनूठे महोत्सव में श्रद्धालुओं को मंडी जनपद के देवी-देवताओं के दर्शन करने का मौका मिलता है। इसके अलावा लोगों को छोटी काशी व इसके ग्रामीण क्षेत्रों की पारंपरिक संस्कृति की जानकारी भी मिलती है। हिमाचल प्रदेश में प्रचलित सशक्त देव परंपरा के दर्शन मंडी शिवरात्रि में देखने को मिलते हैं। वहीं, मानवीय रिश्तों में बंधे मंडी जनपद के देवी-देवताओं के मिलन की सदियों पुरानी परंपरा मंडी शिवरात्रि में आज भी कायम है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर