पुरा महादेव में अव्यवस्था के बीच जलाभिषेक, भगदड़
श्रावण मास की शिवरात्रि पर मंगलवार को बागपत स्थित पुरा महादेव मंदिर में लगभग 21 लाख कांवडि़यों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया।
मेरठ। श्रावण मास की शिवरात्रि पर मंगलवार को बागपत स्थित पुरा महादेव मंदिर में लगभग 21 लाख कांवडि़यों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। जबकि मेरठ स्थित ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में करीब छह लाख कांवडि़यों ने गंगाजल का अर्पण किया। पुरा महादेव में भीड़ के कारण बैरिकेडिंग व्यवस्था ध्वस्त होने से भगदड़ मच गई, जिसमें अनेक कांवडि़ए चोटिल हो गए। पुलिस ने लाठियां भांजकर व्यवस्था बनाई।
बागपत की डीएम अमृता सोनी ने बताया कि मंगलवार शाम तक पुरा महादेव मंदिर में लगभग 21 लाख कांवडि़ए जलाभिषेक कर चुके थे। वहीं, मेरठ के औघड़नाथ मंदिर में सोमवार आधी रात से ही जलाभिषेक शुरू हो गया था जो मंगलवार शाम तक जारी रहा।
जलाभिषेक के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-58 समेत अन्य 19 मार्गो पर बड़े वाहन चलने शुरू हो गए। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत शहरों में भी यातायात सामान्य हो गया। अधिकांश औद्योगिक इकाइयों में भी कच्चे माल की आवक हुई। मंडियों का भी यही हाल रहा। पेट्रोल पंप पर भी ऑयल कंपनियों ने तेल की आपूर्ति की। हाईवे पर सिवाया स्थित वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा भी शुरू हो गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर