अब बौद्ध महासभा की शोभायात्रा पर ठनी
अंबेडकर जयंती पर तो प्रशासन से दलित नेताओं के बीच ठन ही चुकी है। अब शांत और सद्भाव की मिसाल रहे गौतम बुद्ध की जयंती पर भी दो-दो हाथ की नौबत आ गई है।
अलीगढ़। अंबेडकर जयंती पर तो प्रशासन से दलित नेताओं के बीच ठन ही चुकी है। अब शांत और सद्भाव की मिसाल रहे गौतम बुद्ध की जयंती पर भी दो-दो हाथ की नौबत आ गई है। पुलिस की रिपोर्ट पर प्रशासन ने बुद्ध जयंती के मौके पर छह मई को एक ही स्थान से दो-दो शोभा यात्राओं की अनुमति से हाथ खींच लिए हैं।
प्रशासन ने दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया को शोभायात्रा निकालने की अनुमति जारी कर दी है। जिसे इन्कार की तैयारी हो चुकी है, वो है भारतीय बौद्ध महासभा। पुलिस ने भेजी रिपोर्ट में साफ कहा है कि बौद्ध महासभा को अनुमति देना ठीक नहीं है। कारण ये गिनाया है कि एक ही स्थान से दोनों शोभा यात्राएं निकालने की इजाजत मांगी गई है और दोनों का वक्त भी एक ही है। फिर, दोनों को अलग-अलग अनुमति का औचित्य नहीं बनता। ये नई परंपरा होगी।
वैसे, बौद्ध महासभा ने शोभा यात्रा की तैयारियां तो जोर-शोर से कर रखी थीं। संस्था के मंडल अध्यक्ष डा.सीबी निमेश ने मंगलवार को बताया कि डा. अंबेडकर पार्क घंटाघर में सुबह बुद्ध वंदना के बाद शोभायात्रा कठपुला, रसलगंज पुराना रोडवेज बस अड्डा, अचल ताल, छर्रा अड्डा ओवर ब्रिज, नौरंगाबाद पुलिस चौकी जीटी रोड, नौरंगाबाद छावनी, डोरी नगर होते हुए आदर्श बुद्ध विहार, नगला मान सिंह पहुंचकर सभा में बदल जाएगी। यहां बुद्ध वंदना होगी। दोपहर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण भंते कांचन बोधि महाथेरा करेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर