सजदे में झुके हजारों सिर
ईद-उल-जुहा की नमाज शनिवार को शाहजमाल स्थित ईदगाह सहित शहर की सभी मस्जिदों में अता की गई। मुस्लिम भाइयों ने खुदा से सजदा करने के साथ ही मुल्क में अमन-चैन और आवाम की तरक्की के लिए दुआएं कीं। ईदगाह में हाजी कारी मोहम्मद सागिल ने नमाज अता कराई। अकीदतमंदों से खचाखच भरे ईदगाह परिसर की रौनक देखते बन रही थी।
अलीगढ़, कार्यालय संवाददाता। ईद-उल-जुहा की नमाज शनिवार को शाहजमाल स्थित ईदगाह सहित शहर की सभी मस्जिदों में अता की गई। मुस्लिम भाइयों ने खुदा से सजदा करने के साथ ही मुल्क में अमन-चैन और आवाम की तरक्की के लिए दुआएं कीं। ईदगाह में हाजी कारी मोहम्मद सागिल ने नमाज अता कराई। अकीदतमंदों से खचाखच भरे ईदगाह परिसर की रौनक देखते बन रही थी।
सुबह सात बजे से अकीदतमंदों का ईदगाह की ओर कूच शुरू हो गया। ईदगाह की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर मुस्लिभाइयों की टोलियां नजर आ रही थीं। सभी के कदम तेजी से ईदगाह की ओर बढ़ रहे थे। बच्चों में खासा उत्साह था। अधिकतर लोग सफेद कुर्ता-पायजामा में थे और सिर पर टोपी थी। सुबह 7.45 बजे तक ईदगाह परिसर खचाखच हो गया। इसके बाद सड़कों पर नमाजी अपने जानमाज बिछाने लगे। ठीक 8.00 बजे नमाज शुरू हुई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया। इसके बाद देश में अमन-चैन की दुआ के लिए हजारों हाथ एकसाथ उठे। फिर शुरू हो गया गले मिलकर ईद मुबारक का सिलसिला।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर