पंद्रह हजार महिलाओं ने लगाई तप्तकुंड में डुबकी
बदरीनाथ के तप्तकुण्ड में रविवार को 15 हजार महिलाओं ने स्नान करने के बाद भगवान बदरी विशाल की पूजा में हिस्सा लिया।
बदरीनाथ। बदरीनाथ के तप्तकुण्ड में रविवार को 15 हजार महिलाओं ने स्नान करने के बाद भगवान बदरी विशाल की पूजा में हिस्सा लिया। ये महिलाएं वट सावित्री अमावस्या पर्व पर अपने पतियों कीदीर्घायु की कामना लेकर यहां पहुंची थी। इन महिलाओं में स्थानीय महिलाओं के अलावा देश के कोने-कोने से आई महिलाएं शामिल थीं।
रविवार को वट सावित्री अमावस्या के पर्व पर जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं ने गंगा स्नान कर मंदिरों में अपने पतियों के दीर्घायु की कामना की वहीं बदरीनाथ मंदिर में रिकार्ड संख्या में महिलाओं ने पूजा अर्चना की। वट सावित्री अमावस्या के पर्व पर बदरीनाथ के तप्तकुण्ड में स्नान करना गंगा स्नान के समान माना जाता है। इस पर्व में स्थानीय बामणी, माणा, पांडुकेश्वर गांव की महिलाओं के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से बदरीनाथ की यात्रा पर आई महिलाओं ने तप्तकुण्ड में डुबकी लगाई। तप्तकुण्ड स्नान और भगवान बदरी विशाल की पूजा अर्चना से पहले महिलाओं ने उपवास भी रखा था। भगवान के दर्शनों के बाद महिलाओं ने अपना उपवास तोड़ा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर