अमरनाथ यात्रियों पर प्रशासन मेहरबान
पिछले वर्षो में अमरनाथ यात्रा के दौरान दर्जनों श्रद्धालुओं की अकस्मात मौत से सबक लेते हुए प्रशासन इस साल एक हजार पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करवाएगा। इनमें से सौ सिलेंडर रिजर्व रखे जाएंगे।
श्रीनगर। पिछले वर्षो में अमरनाथ यात्रा के दौरान दर्जनों श्रद्धालुओं की अकस्मात मौत से सबक लेते हुए प्रशासन इस साल एक हजार पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करवाएगा। इनमें से सौ सिलेंडर रिजर्व रखे जाएंगे। पिछले साल इनकी संख्या महज तीन सौ थी।
यह जानकारी मंगलवार को कश्मीर के मंडलायुक्त असगर सामून ने दी। वे अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए अधिक संख्या में चिकित्सा केंद्र व चिकित्सक भी मौजूद रहेंगे। सामून ने विभिन्न अधिकारियों को जून के पहले सप्ताह तक यात्रा से संबंधित तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए व इस संदर्भ में एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने को कहा। उन्होंने गांदेरबल व अनंतनाग के उपायुक्तों को पवित्र गुफा तक जाने वाले बालटाल व चंदनबाड़ी मार्गो की मरम्मत शुरू कराने को कहा। पीएमजीएसवाई के चीफ इंजीनियर को पहलगाम से चंदनबाड़ी मार्ग को 23 अप्रैल तक खोलने को कहा। इसके अलावा सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर को भी एक सप्ताह के भीतर बालटाल मार्ग से बर्फ हटवाने के निर्देश दिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर