दर्शन कर लौट रहे तीन तीर्थयात्रियों की मौत
केदारनाथ दर्शन कर लौट रहे दो तीर्थयात्रियों समेत रविवार को तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ दर्शन कर लौट रहे दो तीर्थयात्रियों समेत रविवार को तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। रविवार को एक तीर्थयात्री की सीतापुर में तबियत बिगड़ने के बाद मौत हुई, जबकि एक शव पुलिस को केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगल चट्टी में में मिला। उधर, यमुनोत्री मार्ग पर हृदय गति रुकने से एक अन्य यात्री की मौत हो गई।
रविवार सुबह केदारनाथ से दर्शन कर लौट रहे मनोहर लाल(68) पुत्र बल्लभ भाई पटेल निवासी अहमदाबाद गुजरात की सीतापुर में अचानक तबियत बिगड़ गई। कुछ देर बाद उनकी मौके पर मौत हो गई है। दूसरी ओर, पुलिस को गश्त के दौरान केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगल चट्टी में एक तीर्थ यात्री का शव मिला। मृतक की पहचान निखिल कुमार दास(61) पुत्र मधुसूधन दास निवासी 24 उत्तरी परगना, पश्चिमी बंगाल के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक बीकेएस कार्की ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजे गए हैं।
उधर, बड़कोट प्रतिनिधि के अनुसार यमुनोत्री में हृदयगति रुकने से एक और तीर्थयात्री की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार चेलाराम(63) पुत्र भंवरलाल निवासी बूंदी, राजस्थान साथियों के साथ यमुनोत्री धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। अचानक जानकीचट्टी के समीप उन्हें हार्ट अटैक पड़ा और मौत हो गई। यमुनोत्री यात्रा मार्ग हृदय गति रुकने से मौत का यह तीसरा मामला है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर