खुद गलत करें न किसी को करने दें : नरेंद्र
जागरण संवाददाता राउरकेला : जन कल्याण संगठन के कार्यकर्ता महीने में मात्र चालीस मिनट समाजसे
जागरण संवाददाता राउरकेला : जन कल्याण संगठन के कार्यकर्ता महीने में मात्र चालीस मिनट समाजसेवा के लिए दें तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखें तो आम जनता की हर समस्या का समाधान संभव हो सकेगा। उदितनगर वेस्को कार्यालय मैदान में आयोजित जनकल्याण संगठन के 11वें वार्षिकोत्सव में संगठन के अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होनें कहा कि कार्यकर्ता अपने पारिवारिक जीवन में व्यस्त होने के बावजूद बेहतर समाज बनाने तथा लोगों को उनका मौलिक अधिकार दिलाने के लिए सप्ताह में 10 मिनट अर्थात महीने में 40 मिनट का समय समाज के लिए निकालें। कमजोर व असहाय की आवाज बनें। खामोश रहने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। जहां अन्याय अथवा गलत हो रहा हो वहां विरोध करें। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले लोगों के साथ संगठन तथा वे खुद सदैव खड़े रहेंगे। उन्होनें कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों को मिलना उनका मौलिक अधिकार है। इसी कार्य के लिए सरकारी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। जनता के टैक्स के पैसे से सरकार उन्हें वेतन देती है, ऐसे में उन्हें जनता के लिए तथा जनता की सुविधा के लिए काम करना चाहिए। अगर कोई अधिकारी योजना का लाभ देने में आनाकानी करता है तो लोग संगठन के किसी भी कार्यकर्ता या उनसे सीधे संपर्क कर योजना का लाभ पाने में सहायता ले सकते है। त्रिपाठी ने कहा कि ना खुद गलत करें अैार ना किसी दूसरे को गलत करने दें। भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करें।
समारोह को संगठन के उपाध्यक्ष रत्नाकर बल, मुख्य संरक्षक प्रसन्न कुमार महांती, मुख्य वक्ता हाजी साहब, सलाहकार इद्रजीत ¨सह संधू तथा प्रताप शेखर नायक, सांगठनिक सचिव गुप्तेश्वर नायक तथा आरटीआइ कार्यकर्ता एबी सामल ने भी संबोधित किया। इसके पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच का संचालन आरपी प्रधान व धन्यवाद ज्ञापन अनिरुद्ध सामल ने किया। वार्षिकोत्सव में सभी वार्ड के ब्लाक सचिव व कार्यकर्ता मौजूद थे।