अब काल बनने से बचेगा तारों का संजाल
जागरण संवाददाता, राउरकेला: बासंती कालोनी से रेलवे फाटक जाने के मार्ग पर स्थित फाटक बस्त
जागरण संवाददाता, राउरकेला: बासंती कालोनी से रेलवे फाटक जाने के मार्ग पर स्थित फाटक बस्ती में जहां-तहां बिखरे बिजली तारों के संजाल को काल बनने से बचाने के लिए जनकल्याण संगठन के प्रमुख एवं पूर्व नगरपाल नरेंद्र त्रिपाठी ने पहल शुरू की है। उनकी पहल पर गुरुवार को वेस्को के जेई ने यहां पहुंचकर बिजली के तारों के संजाल को देखा तथा इन तारों को सहेजकर रखने का भरोसा दिया।
उल्लेखनीय है कि फाटक बस्ती में बिजली आपूर्ति के लिए वेस्को की ओर से तार लगाया गया है। लेकिन यह तार जहां-तहां बिखरे होने तथा नीचे झूलते रहने के कारण दुर्घटना की संभावना लगी रहती है। जिससे इस समस्या का समाधान करने को लेकर इस बस्ती के लोगों ने जनकल्याण संगठन के प्रमुख व पूर्व नगरपाल नरेंद्र त्रिपाठी से मुलाकात की थी। जिसमें इन तारों की वजह से कुछ दिनों पूर्व बिजली खंभे में करंट प्रवाहित होने से एक व्यक्ति की मौत होने की जानकारी भी बस्ती के लोगों ने दी थी। इस बस्ती में अभी भी तारों का संजाल होने से कभी भी कोई दुर्घटना होने की आशंका भी जताई गई थी। जिससे इसे लेकर नरेंद्र त्रिपाठी ने गुरुवार को वेस्को जेई को यहां लाकर जहां-तहां फैले तारों के संजाल को दिखाया। जिसमें उन्हें बताया गया कि तेज हवा चलने से यह तार टूट भी सकते हैं। जिससे कोई हादसा भी हो सकता है। जिसके बाद इन तारों के संजाल को देखने के बाद वेस्को जेई ने इन्हें सहेजकर रखने का भरोसा दिया है। इस अवसर पर अन्य लोगों में संजय प्रकाश, सौरभ व बस्ती के लोग उपस्थित थे।