मांस-मछली की दुकान पर आज जुटेगी भीड़
राउरकेला : कार्तिक माह में एक महीने तक मांस-मछली का सेवन बंद करने के बाद मनाये जाने वाले छाड़खाई के ल
राउरकेला : कार्तिक माह में एक महीने तक मांस-मछली का सेवन बंद करने के बाद मनाये जाने वाले छाड़खाई के लिए शुक्रवार को शहर के विभिन्न मांस-मछली की दुकानों पर जबर्दस्त भीड़ होगी। आम तौर पर कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन मनाये जाने वाले छाड़खाई में लोग मांसाहार का सेवन करते हैं। आम तौर पर ओड़िया समुदाय के लोग कार्तिक महीने में पूरे माह मांसाहार का सेवन नहीं करते हैं तथा पूर्णिमा के अगले दिन से मांसाहार का सेवन कर छाड़खाई मनाते हैं। परंतु इस वर्ष छाड़खाई गुरुवार के दिन पड़ने से, जो लोग गुरुवार को शाकाहार का सेवन करते हैं वे छाड़खाई नहीं मना पाये। ऐसे में शुक्रवार को शहर के मांस-मछली की दुकानों में जबर्दस्त भीड़ जुटने की संभावना है। इसके लिए दुकानदारों ने भी तैयारी कर रखी है। इस दिन आम दिनों की अपेक्षा कई गुणा अधिक मांस-मछली की बिक्री की संभावना है। छाड़खाई अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। कई लोग एवं संस्थाएं सामूहिक रूप से भी छाड़खाई मनाते हैं। मांस-मछली की जबर्दस्त मांग को देखते हुए इस माह मांस-मछली की दर भी बढ़ जाती है। हालांकि प्रत्येक वर्ष कई संगठन छाड़खाई पर मांसाहार का सेवन नहीं करने तथा शाकाहार का सेवन करने की अपील भी करते हैं। परंतु लोगों पर इसका कोई खास असर पड़ता नजर नहीं आता।