उत्पीड़न से क्षुब्ध महिला ने शरीर में लगाई आग
जागरण संवाददाता, राउरकेला : ससुरालियों के उत्पीड़न से क्षुब्ध हमीरपुर की एक महिला ने अपने शरीर में
जागरण संवाददाता, राउरकेला : ससुरालियों के उत्पीड़न से क्षुब्ध हमीरपुर की एक महिला ने अपने शरीर में आग लगा ली। आग बुझाने के क्रम में उसकी सास व ससुर भी झुलस गये। तीनों की हालत गंभीर बनी है। सेक्टर-19 पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जमशेदपुर के भुइयांडीह ग्वाला बस्ती निवासी मदन रजक की बेटी शोभा रजक की शादी 1 मार्च 2003 को हमीरपुर निवासी वीरेन्द्र रजक के बेटे सनी रजक से हुई थी। मदन रजक ने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज व अन्य पारिवारिक कारणों से शोभा से मारपीट व तरह तरह से प्रताडि़त किया जा रहा था। 21 मई की शाम छह बजे शोभा ने फोन पर पिता को जानकारी दी कि उसके साथ सासुरालियों ने मारपीट की है और वह अब यहां नहीं रहना चाहती है। रात करीब सात बजे उसने अपने शरीर में केरोसिन तेल डाल कर आग लगा ली। आग बुझाने के क्रम में उसके ससुर वीरेन्द्र एवं सास भी झुलस गये। तीनों की हालत गंभीर बनी है। मदन ने बताया कि आइजीएच में बेटी शोभा से बातचीत की जिसमें उसने असहनीय यातना के कारण यह कदम उठाने की बात कही। मदन के साथ परिवार के अन्य लोगों ने सेक्टर-19 थाना जाकर दहेज के लिए बेटी को प्रताडि़त करने की शिकायत दर्ज कराई है। सेक्टर-19 पुलिस मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है।