धूमधाम से निकली श्याम प्रभु की निशानयात्रा
जागरण संवाददाता, राउरकेला : श्याम मंदिर राउरकेला की ओर से फागुन महोत्सव पर रविवार को श्याम प्रभु क
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
श्याम मंदिर राउरकेला की ओर से फागुन महोत्सव पर रविवार को श्याम प्रभु की भव्य निशानयात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ो की संख्या में श्याम भक्त बाबा का गुणगान करते हुए चल रहे थे। मंदिर में आयोजित मंगलपाठ कार्यक्रम में 251 सुहागिन शामिल हुई।
श्याम मंदिर की ओर से 23वें श्याम फागुन महोत्सव पर सोमवार की दोपहर 2 बजे पंचतीर्थ मंदिर जीटी लेन में निशान पूजा के पश्चात भव्य शोभायात्रा निकलकर मेन रोड होकर बिसरा डाहर रोड स्थित श्याम मंदिर तक पहुंचा। निशान यात्रा में सबसे आगे गणेश, शंकर, राधा कृष्ण, भारत माता, मां दुर्गा समेत अन्य देवी देवताओं की आकर्षक झांकी थी। इसके पीछे छऊ नृत्य दल नृत्य प्रस्तुत करते हुए चल रहे थे। इसके पीछे कलश लेकर सुहागिने शामिल थी। श्याम बाबा की झांकी आकर्षक रथ पर थी। इसके पीछे निशान ध्वज लेकर महिला व पुरुष भक्त बाबा का गुणगान करते हुए चल रहे थे। शाम को मंदिर परिसर में ग्यारस संकीर्तन का आयोजन किया गया। यहां श्याम प्रभु का अलौकिक श्रृंगार, अखंड संकीत्रन के साथ छप्पन भोग भी लगाया गया। भजन गायक चक्रधरपुर के धर्मेन्द्र केजरीवाल, कोलकाता की सुश्री मुस्कान, सुनील अग्रवाल, राउरकेला के महेश एंड ग्रुप को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में राउरकेला के अलावा बीरमित्रपुर, राजगांगपुर, बिसरा, झारसुगुडा, संबलपुर समेत अन्य क्षेत्रों से श्याम भक्त शामिल हुए।