प्रभु से कुछ खुश, कुछ नाखुश
जागरण संवाददाता, राउरकेला : केंद्र की भाजपा सरकार ने अपना पहला पूर्ण रेल बजट गुरुवार को पेश किया ग
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
केंद्र की भाजपा सरकार ने अपना पहला पूर्ण रेल बजट गुरुवार को पेश किया गया। इसमें यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ साथ यात्री किराया नहीं बढ़ाने से लोगों को राहत मिली। रेल बजट पर शहर के प्रबुद्ध वर्ग व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की। बजट पर परिचर्चा में अधिकतर लोगों ने ओडिशा के लिए खास नहीं किये जाने पर असंतोष जताया।
राउरकेला चैंबर आप कामर्स अध्यक्ष शुभ पटनायक ने कहा, रेल बजट सामान्य है। उन्होंने कहा कि पहली बार ओडिशा में रेलवे के विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये का प्रावधान सराहनीय है।
पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता प्रभात महापात्र ने रेल बजट को मोदी सरकार का हवा बजट बताया। उन्होंने बताया कि बजट आम लोगों के लिए नहीं बल्कि पूंजीपतियों के हित को ध्यान में रखकर बनाया गया है। बजट में आम लोगों को ठगा गया है।
उद्योगपति आरपी गुप्ता ने बताया कि रेल बजट में यात्री व माल परिवहन की सुविधा बढ़ाने के लिए साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये प्रावधान है, किंतु यह राशि कहां से आयेगी यह स्पष्ट नहीं किया गया। कहा, माल भाड़े बढ़ोतरी का असर आम लोगों पर पड़ेगा।
भाकपा नेता प्रभात मिश्र ने रेल बजट को खोखला बताया। उन्होंने कहा कि डीजल का दाम कम होने के कारण यात्री व माल भाड़ा कम करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान की भांति स्वच्छ रेल भी मात्र दिखावा न बने।
व्यवसायी महेश पटनायक कहा, कुछ नया नहीं है। दक्षिण भारत के लिए विशेष गाड़ी नहीं दी गई। महिला सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम सराहनीय है।
भाजपा जिला अध्यक्ष धिरेन सेनापति ने बजट को अच्छा बताया। इसमें झूठे वादे न कर तकनीक व यात्री सुविधा बढ़ाने के साथ महिला सुरक्षा व वरिष्ठ नागरिक के लिए विशेष कोटा व स्वच्छता पर ध्यान दिया गया हैा। इसे उन्होंने प्रशंसनीय कहा।
प्रदेश कांग्रेस नेता रवि राय ने बजट को जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बजट में ओडिशा को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पायी।
जिला बीजद अध्यक्ष आनंद महंती ने रेल बजट में ओडिशा व राउरकेला की घोर उपेक्षा का आरोप लगाया। तालचेर-बिमलागढ़ रेल मार्ग के शीघ्र निर्माण के साथ यात्री सुविधा के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था न कर राज्य वासियों को रेल मंत्री ने निराश किया है।
युवा बीजद के नेता मो. खालिद ने रेल बजट में ओडिशा के प्रति विशेष प्रावधान नहीं किये जाने पर क्षोभ जताते हुए बजट को जनता को गुमराह करने वाला बताया।