धूमधाम से मना दीपावली का त्योहार
जागरण संवाददाता, राउरकेला: इस्पात नगरी राउरकेला में दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। मंदिर
जागरण संवाददाता, राउरकेला:
इस्पात नगरी राउरकेला में दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों व गुरुद्वारों में मनोकामना दीप जलाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जमकर आतिशबाजी हुई। पूरी नगरी दीपों व बिजली की रोशनी से जगमगाती रही। उदितनगर व आसपास के इलाके में गश्त लगा रहा पुलिस दल द्वारा रात दस बजते ही आतिशबाजी बंद करने के लिए दबाव डालने से लोगों में रोष देखा गया।
दीपावली पर गुरुवार की शाम से लेकर देर रात तक शहर के मुख्य मार्ग बिरसा चौक से लेकर पानपोष तथा रिहायशी इलाके सिविल टाउनशिप, बासंती कालोनी, छेंड कालोनी, कोयलनगर, शक्तिनगर समेत इस्पातांचल के विभिन्न सेक्टरों में जमकर आतिशबाजी हुई। प्लांट साइट, डेली मार्केट समेत अन्य व्यवसायिक इलाके के प्रतिष्ठानों व दुकानों में मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के बाद बही-खाते बदले गए। जिससे रात 12 बजे के बाद भी यहां पर दीपावली की रौनक देखी गई। कैलाशपुरी, शर्मा स्वीट्स, राउरकेला मिष्ठान्न भंडार समेत दर्जन भर से अधिक प्रतिष्ठित मिठाई दुकानों में खरीददारों की भीड़ लगी रही। श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा, सिविल टाउनशिप, वेदव्यास, सेक्टर-16 गुरुद्वारा परिसर के अलावा प्रमुख मंदिरों में शाम से ही मनोकामना दीप जलाने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। शुक्रवार को दूसरे दिन भी छोटी दीपावली पर आतिशबाजी हुई। गुरुवार व शुक्रवार को दीपावली का बधाई संदेश देने का सिलसिला चला तथा एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।