शहर का कायाकल्प करने को प्रशासन तैयार
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
इस्पात नगरी राउरकेला के कायाकल्प के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। नगर विकास विभाग की ओर से इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए सर्वेक्षण की जिम्मेदारी हैदराबाद के रामकी संस्था को सौंपी है। नगरपालिका सभा कक्ष में जिलापाल भूपिंदर सिंह पुनिया ने पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
जिलापाल भूपिंदर सिंह पुनिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में राउरकेला शहर की स्थिति एवं 20 साल बाद होने वाली समस्या तथा इसके निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल परिमल व्यवस्था, वर्ज्य वस्तु निष्कासन व प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, गृह व्यवस्था पर अधिक जोर दिया गया। शहर की व्यवस्था में सुधार के लिए डीएम पुनिया ने व्यक्ति व संस्थाओं से सहयोग का आह्वान किया। एडीएम के सुदर्शन चक्रवर्ती ने भी विकास के लिए उठाये जाने वाले कदमों पर सभी से सहयोग की कामना की। नगरपालिका के कार्यपालक अधिकारी दुर्गा प्रसाद महापात्र ने भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसमें हैदराबाद स्थित रामकी संस्था के परियोजना पदाधिकारी कृष्णा, उपजिलापाल हिमांशु शेखर बेहरा, नगरपालिका के अभियंता मनोरंजन दास,चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष शुभ पटनायक, मिहिर राय, बीएसएनएल के पीके साहू, सुशांत बेहरा के अलावा अन्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए।