बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है..
जागरण संवाददाता, राउरकेला:
पवित्र सावन महीने की तीसरी सोमवारी को झारखंड स्थित महादेवशाल धाम में जलाभिषेक करने कांवड़ियों का जत्था शुक्रवार को यहां से निकलने लगा है। वेदव्यास त्रिवेणी संगम से पवित्र जल उठाने के बाद मनोहरपुर, जरइकेला, बिसरा आदि अंचलों से आए कांवड़ियों का जत्था महादेवशाल रवाना हुआ।
शुक्रवार की सुबह गेरुआ वस्त्र धारण कर बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है, भोले बाबा पार करेगा, बोल बम के नारों के साथ कांवड़ लेकर शिव भक्तों की टोली वेदव्यास त्रिवेणी संगम पहुंचने लगी थी। इस दौरान झारखंड के मनोहरपुर समेत ओडिशा के जरइकेला, भालूलता, बिसरा व बंडामुंडा आदि अंचलों के भक्त भी कांवड़ लेकर यहां पहुंचे थे। यह भक्त त्रिवेणी संगम से जल उठाने के बाद बोल बम का नारा लगाते हुए महादेवशाल के लिए रवाना हुए। भक्तों का यह जत्था पैदल चलकर बंडामुंडा, बिसरा, भालूलता, जरइकेला, मनोहरपुर से होकर दो दिनों की यात्रा के बाद रविवार को महादेवशाल पहुंचेंगे। जहां पर सावन महीने की तीसरी सोमवारी को यह भक्त महादेवशाल में भोले बाबा का जलाभिषेक करेंगे। बंडामुंडा से लेकर मनोहरपुर तक विभिन्न स्थानों पर सेवाभावी संगठनों की ओर से भक्तों के जलपान, विश्राम के लिए सेवा शिविर भी लगाए गए हैं।