सामूहिक प्रार्थना में उमड़े ईसाई
जागरण संवाददाता,सुंदरगढ़/बीरमित्रपुर : प्रभु यीशु के जी उठने की स्मृति में मनाये जाने वाले पास्का पर्व पर जिले भर के गिरजाघरों व कबिस्तानों में ईसाई धर्मावलंबियों ने सामूहिक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। सुबह से पास्का का त्योहार सोल्लास मनाया गया।
सुंदरगढ़ जिले के डुडकाबहाल स्थित एनडब्ल्यूजीईएल कब्रिस्तान में रात्रि जागरण कर पूर्वजों को याद किया गया। यहां तीन गिरजाघरों से जुड़े धर्म प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पांच सौ से अधिक लोग शामिल हुए। कब्रिस्तान में प्रार्थना के बाद अपने गिरजाघरों में पहुंचे जहां विशेष प्रार्थना की गई। इसके साथ ही चालीस दिनों के उपवास व शुद्धिकरण समाप्त हुआ तथा रविवार को इस्टर का त्योहार धूमधाम से मनाया। जिले के रोमन कैथलिक चर्च से जुड़े 41 बड़े गिरजाघरों एवं साढ़े तीन सौ शाखा चर्च के अलावा अन्य गिरजाघरों में बड़ी संख्या में लोग रात्रि जागरण की प्रभु यीशु के जी उठने का स्मरण करते हुए प्रार्थना की। बीरमित्रपुर, नुआगांव, कुआरमुंडा, झुरमुर, रायबोगा, राजगांगपुर, कुसुमडेगी, बड़गांव, बंडामुंडा, जलदा, लाठीकटा, कपाटमुंडा, बिसरा आदि क्षेत्रों के गिरजाघरों में लोग जुटे और प्रार्थना की। जीईएल चर्च से जुड़े लोग अपने अपने क्षेत्र के कब्रिस्तानों में जाकर पूर्वजों की याद में मोमबत्ती जलाकर रात्रि जागरण किया।