बैंक डकैती का मास्टर माइंड है गया का माधव रविदास
जागरण संवाददाता, झारसुगुड़ा : वर्ष 2015 के मई के महीने में शहर के बेहरामाल स्थित बैंक अ
जागरण संवाददाता, झारसुगुड़ा :
वर्ष 2015 के मई के महीने में शहर के बेहरामाल स्थित बैंक ऑफ इंडिया में हुई दिनदहाड़े 86 लाख रुपये की डकैती मामले में खुलासा हुआ है कि इसका मास्टर माइंड बिहार के गया जिले का माधव रविदास है। झारखंड के गिरीडीह से पकड़े गए सोना नामक युवक ने पुलिस के पूछताछ में इस बात जानकारी दी।
झारसुगुड़ा पुलिस ने बैंक डकैती के 19 महीने बाद शुक्रवार को सोना को गिरफ्तार किया था और अदालत में पेश कर सात दिन के रिमांड का अनुरोध किया था। अदालत से मंजूरी के बाद पुलिस ने सोना से डकैती संबंधित विभिन्न पहलुओं पर कड़ी पूछताछ शुरू की है। सोना ने बताया कि डकैती की घटना का मास्टर माइंड माधव रविदास है। वही हमारे गैंग का मुखिया है। इस गैंग में 50 से अधिक सदस्य हैं। माधव मूलरूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है। इस गैंग ने ओडिशा के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ व झारखंड सहित अन्य कई राज्यों में डकैती की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस सोना से उसके गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है। पुलिस इसके पूर्व डकैती मामले में दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।