लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन का अधिवेशन
ब्रजराजनगर : सोमवार को रेलवे स्टेशन के साइकिल स्टैंड परिसर में ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन क
ब्रजराजनगर : सोमवार को रेलवे स्टेशन के साइकिल स्टैंड परिसर में ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन का द्वितीय द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न हुआ। संघ के जोनल महासचिव बीके तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के तौर स्थानीय विधायक राधाराणी पंडा उपस्थित थी। इस दौरान उन्होंने इस संगठन द्वारा भ्रष्टाचार का डटकर मुकाबला करने व सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए सर्वदा तत्पर रहने की संघ के नेताओं के सोच की प्रशंसा की। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड एमएन प्रसाद ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सदस्यों में एकता की नितांत आवश्यकता के अलावा नेताओं की निष्पक्ष एवं संग्रामी प्रवृत्ति का होना आवश्यक है। राष्ट्रीय सहायक महासचिव एके सिंह तथा राष्ट्रीय संगठन महासचिव एचएस भदौरिया ने रेलवे में व्याप्त भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी सदस्यों के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता बताई। संगठन के सदस्यों में रनिंग स्टाफ की नियुक्तियां होने की बात कही एवं भविष्य में भी सभी समस्याओं के समाधान के लिए आपकी एकजुटता की नितांत आवश्यकता बताई। संगठन के जोनल सचिव एस ओराम तथा रायगढ़ शाखा सचिव एएस यादव एवं बिलासपुर मंडल सचिव जेके देहुरी ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रंजीत कुमार ने किया। अधिवेशन में बड़ी संख्या में रेलवे के रनिंग स्टाफ कर्मचारी शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में संघ की ब्रजराजनगर शाखा के अध्यक्ष पी नायक, सचिव आरके महाना इत्यादि की अहम भूमिका रही।