ओरिएंट पेपर मिल के खुलने के आसार
जागरण संवाददाता, ब्रजराजनगर : विभिन्न कारणों से वर्ष 1999 से बंद पड़ी नगर की ओरिएंट पेपर मिल के पुन:
जागरण संवाददाता, ब्रजराजनगर : विभिन्न कारणों से वर्ष 1999 से बंद पड़ी नगर की ओरिएंट पेपर मिल के पुन: चालू होने का संकेत राज्य लिफ्ट इरिगेशन निगम के अध्यक्ष व पूर्व विधायक अनूप साय ने दिया है। 16 वर्ष से बंद पड़ी इस औद्योगिक इकाई को चालू करने के उद्देश्य से ही पिछले विस चुनाव में तत्कालीन कांग्रेस विधायक अनूप साय ने पार्टी छोड़ बीजद का दामन थामा था। मुख्यमंत्री ने भी मिल को चालू करने का आश्वासन दिया था।
अनूप साय ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयास से ही एक चार सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अपने तीन दिवसीय दौरे पर ब्रजराजनगर आया हुआ है। इस दल में मिल के उपाध्यक्ष आइसी जैन, कोलकाता कार्यालय के वरिष्ठ सलाहकार राजेश चंद्र मल्ल, अमलई के एनके शाह तथा फैक्ट्री प्रबंधन गिरीशचंद्र पाढ़ी शामिल हैं। प्रारंभिक तौर पर इस दल द्वारा पेपर मशीन पांच व छह को चालू करने की संभावनाओं का जायजा लिए जाने की जानकारी मिली है। ज्ञात हो कि पेपर मिल बंद हो जाने से न केवल इसमें कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों को परेशानी हुई बल्कि नगर की आर्थिक रीढ़ ही टूट गयी थी। अनूप साय की इस घोषणा तथा उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम से नगरवासियों में एक बार पुन: पेपर मिल के खुलने की आशा जगी है।