दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा गड्ढा
जागरण संवाददता, झारसुगुड़ा :
संबलपुर-झारसुगुड़ा जिले के सीमा पर राज्य राजमार्ग संख्या-10 पर स्थित भेडन नदी पर बने ब्रिज की हालत दयनीय हो गई है। ब्रिज के ऊपर एक बड़ा गड्ढा बन गया है, जिसके चलते हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सबसे बड़ी बात यह कि यह ब्रिज पर लाइट की व्यवस्था तक नहीं है, जिससे यहां कभी बड़ी अनहोनी हो सकती है। खासकर शाम के समय बाइक सवार लोगों को इस ब्रिज पर असुविधा का सामना करना पड़ता है। ब्रिज पर बने गड्ढे में कई मर्तबा बाइक के फंस जाने से कई बाइक चालक घायल भी हो चुके हैं। विदित हो कि इस ब्रिज से प्रतिदिन हजारों की संख्या में भारी वाहन, यात्री बसें, कार-जीप व बाइक का आवागमन होता है मगर इसके बाद भी विभागीय अधिकारी का ध्यान इस ब्रिज पर बने गड्ढे पर नहीं जाता है। ब्रिज पर बड़े पैमाने में बालू व कोयला का चूर्ण जमा हो गया है, जिसके चलते बारिश का पानी पुल पर जमा हो जाता है। इसे लेकर लोगों में काफी असंतोष व्याप्त है। यदि समय रहते इस ब्रिज पर बने गड्ढे की मरम्मत नहीं की गई तो कभी भी बड़ी अनहोनी घट सकती है।