बीजद सरकार की विफलता को जनआंदोलन बनाएं
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा के लोगों के मन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा के लोगों के मन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान पूरे देश में सबसे अधिक है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आए प्रधानमंत्री के स्वागत में जिस प्रकार से लोगों का हुजूम रास्ते पर आ गया था वह दर्शाता है कि पार्टी के लिए राज्य में एक सुंदर वातावरण बना है। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के प्रति लोगों की इस आस्था को वोट में तब्दील करने के लिए जुट जाएं। यह बातें केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने प्रदेश भाजपा की बारीपदा में आयोजित दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक में रविवार को कही। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता परिवर्तन के लिए मन बना चुकी है, जो पंचायत चुनाव से स्पष्ट हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के ओडिशा को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग पर तंज कसते हुए कहा कि वे पिछले 17 साल से इसी प्रसंग को उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के लिए यह प्रसंग अप्रासंगिक हो गया है। प्रधान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र सरकार की उपलब्धियां व योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं और राज्य सरकार की विफलताओं को जनआंदोलन बनाएं। केंद्रीय जुएल ओराम ने भी ग्रास रूट तक भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया।
रविवार को कार्यकारिणी की बैठक में अंतिम दिन निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार के विभिन्न जनविरोधी क्रियाकलापों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। अपने संबोधन में प्रदेश भाजपाध्यक्ष बसंत पंडा ने कहा कि न्यू ओडिशा की सोच पर भाजपा आगे बढ़ेगी। आगामी मई, जून एवं जुलाई में लोगों की समस्या को लेकर मंडल स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पंडा ने कहा कि कमजोर बूथों को मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। इसके लिए 22, 23, 24 जून को अमित शाह बूथ स्तर पर खुद जाएंगे।