भाजपा महिला मोर्चा ने फूंका सीएम का पुतला
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : सुंदरगढ़ में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सभा में शामिल होने आयी
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर :
सुंदरगढ़ में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सभा में शामिल होने आयी छात्राओं, युवतियों व महिलाओं की काले रंग की चुनरी व चादर उतारे जाने के प्रतिवाद में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से राजधानी भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के इस्तीफे की मांग करते हुए पुतला फूंका। इस संबंध में एक शिकायत राज्य मानवाधिकार आयोग के पास भी दर्ज कराई गई भाजपा महिला मोर्चा की ओर से। मोर्चा की अध्यक्ष प्रभाती परिड़ा के नेतृत्व में राज्य मानवाधिकार आयोग में एक ज्ञापन सौंपा गया। वहीं सस्मिता बेहेरा के नेतृत्व में मंगलवार को एक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की माग करते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की गई। महिला मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि यह सरकार महिलाओं का सम्मान करना भूल गई है। मुख्यमंत्री को सुरक्षा देने की आड़ में महिलाओं की साड़ी, चुनरी व स्कॉर्प उतरवाए जा रहे हैं। यह पूरा नारी समाज के इज्जत पर हमला है। इसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिला मोर्चा ने इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को कसूरवार ठहराते हुए उनसे इस्तीफे की माग की। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सुंदरगढ़ जिलाधीश एवं एसपी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की माग की।