बीजद ने मिशन गांव का किया आगाज
प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर मुख्यमंत्र
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बीजद कार्यकर्ताओं से गांव की ओर रुख करने का आह्वान किया है। बीजू जनता दल के मुख्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी के सांसदों, विधायकों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने हमें प्रदेश में बार-बार सत्ता की बागडोर सौंपी है। जनता के विश्वास पर हमें खरा उतरना है। मुख्मंत्री ने आम गांव आम विकास का नारा देते हुए मिशन गांव का शखनाद कर दिया है। बीजद सुप्रीमो ने कहा कि बीजद काम में विश्वास करने वाला दल है जबकि अन्य कई राजनीतिक दल बस नारेबाजी व जुमलेबाजी में विश्वास करते हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान का कि वे एक जुलाई से पंचायतों में जाएं और लोगों से मिलकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दें। एक जुलाई से बीजद का ग्राम अभियान आरंभ होने वाला है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र की रिपोर्ट 30 सितंबर तक सौंपने का निर्देश भी दिया। इस अवसर पर बीजद के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया। डॉ. दामोदर राउत ने बीजद कार्यकर्ताओं से कहा कि इन दिनों राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा की बड़ी चर्चा चल रही है। लेकिन भाजपा से बिल्कुल भी घबराने की बात नहीं है। भाजपा पेपर टाइगर यानी किताबी बाघ है।