कंधमाल लोस सीट से रुद्रमाधव राव बने भाजपा प्रत्याशी
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : कंधमाल लोकसभा उप चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रुद्रमाधव राय को अपना उम्मीदवार बनाया है। गत रविवार को वे भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा में उनके शामिल होते ही यह अनुमान किया जा रहा था कि रुद्रमाधव राय ही भाजपा के उम्मीदवार होंगे। पार्टी में शामिल होते ही रुद्रमाधव राय का नाम केंद्रीय चुनाव कमेटी के पास भेज दिया गया था। केंद्रीय कमेटी के अनुमोदन के बाद रुद्रमाधव राय को विधिवत रूप से कंधमाल लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने जानकारी दी है कि केंद्रीय कमेटी ने रुद्रमाधव राय को कंधमाल से उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले भाजपा राज्य प्रभारी अरुण सिंह ने कहा है कि हम किसी भी कीमत पर कंधमाल लोकसभा सीट से विजय हासिल करना चाहते हैं। हमारे कार्यकर्ता इस सीट से जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगे।