बोले पुतिन, साबित कर सकता हूं ट्रंप ने नहीं दी गुप्त जानकारी
पुतिन की पेशकश को अमेरिकी राजनीतिक दलों ने गंभीरता से नहीं लिया है।
मॉस्को, रायटर/एएफपी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की थी। यह दावा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किया है। उन्होंने बुधवार को कहा वे अपनी बात साबित करने को तैयार हैं। यदि अमेरिकी संसद चाहे तो वे ट्रंप और लावरोव की बैठक की असंपादित प्रति भी दे सकते हैं। वे सोची में इतालवी प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
पुतिन की पेशकश को अमेरिकी राजनीतिक दलों ने गंभीरता से नहीं लिया है। ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति चुनाव में रूस के हस्तक्षेप की ओर इशारा करते हुए इसे संदेहास्पद बताया है। प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेटिक सदस्य एडम शिफ ने पुतिन की पेशकश को काफी मनोरंजक बताया। शिफ सदन की खुफिया समिति के सदस्य हैं और चुनाव में रूसी हस्तक्षेप की जांच से भी जुड़े हैं।
वाशिंगटन पोस्ट ने सोमवार को दावा किया था कि ट्रंप ने लावरोव के साथ आइएस से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारियां साझा की थी। दोनों की बैठक 10 मई को ह्वाइट हाउस में हुई थी। अखबार ने दावा किया था कि बैठक में मौजूद अमेरिकी अधिकारियों ने उसे इसके बारे में जानकारी दी। शुरुआत में ट्रंप प्रशासन ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया था। हालांकि बाद में ट्रंप ने ट्वीट कर कहा था कि राष्ट्रपति होने के नाते ऐसा करने का उन्हें अधिकार है।
इजरायल, ब्रिटेन साथ
मीडिया रिपोर्टो के मुताबिक मॉस्को से साझा की गई गोपनीय जानकारियां अमेरिका को इजरायल से मिली थी। हालांकि इजरायल का कहना है कि इस मामले का अमेरिका के साथ उसके संबंधों पर कोई असर नहीं होगा। अमेरिका में इजरायल के राजदूत रॉन डरमर ने कहा कि उनके देश को ट्रंप प्रशासन पर पूरा भरोसा है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने भी कहा है कि उन्हें अमेरिका पर पूरा भरोसा है और उसके साथ खुफिया जानकारी साझा करना जारी रखेंगी।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप के गले की फांस बनी रूस से करीबी