गोपनीय सूचना लीक करने में अमेरिका का नौसेना कमांडर दोषी
अमेरिकी नौसैनिक पोत की गतिविधियों की गोपनीय जानकारी मलेशियाई ठेकेदार को मुहैया कराने में नौसेना के कमांडर को दोषी ठहराया गया है।
वाशिंगटन। अमेरिकी नौसैनिक पोत की गतिविधियों की गोपनीय जानकारी मलेशियाई ठेकेदार को मुहैया कराने में नौसेना के कमांडर को दोषी ठहराया गया है। कमांडर माइकल वनक खेम मिसिविज ये सूचना मुहैया कराने के बदले में विदेश यात्रा की मुफ्त टिकटें लेता था। एक बार तो उसे लेडी गागा के कार्यक्रम की पांच टिकटें मुहैया कराई गई थीं।
कंबोडिया में पैदा हुए माइकल को सैन डिएगो की एक अदालत ने दोषी ठहराया है। अमेरिकी कमांडर ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। मलेशिया के व्यवसायी लियोनार्ड फ्रांसिस प्रशांत महासागर में मौजूद अमेरिकी नौसेना के पोतों में जरूरी सुविधाएं मुहैया कराता है। पोतों की गतिविधि के बारे में जानकारी देने के आलावा माइकल पोत को उस बंदरगाह पर ले जाने में भी मदद करता था, जिसका ठेका फ्रांसिस की कंपनी के पास था। इसके बदले में वह लग्जरी होटल में रुकने और यात्राओं का बंदोबस्त करता था।
असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल ने माइकल की करतूत को देश के साथा धोखा करार दिया। मालूम हो कि भ्रष्टाचार में लिप्त होने के चलते जनवरी, 2015 में फ्रांसिस की संपत्ति जब्त कर ली गई थी।