जर्मनी में दो ट्रेनें आमने-सामने टकराईं, 8 यात्रियों की मौत; 100 घायल
जर्मनी के बवारिया प्रांत में दो पैसेंजर ट्रेनों की आमने-सामने हुई टक्कर में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि सौ से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
नई दिल्ली। जर्मनी के बवारिया प्रांत में दो पैसेंजर ट्रेनों की आमने-सामने हुई टक्कर में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि सौ से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा म्यूनिख से 60 किलोमीटर दूरी पर बसे दक्षिण-पूर्वी शहर एबलिंग में हुआ। यह शहर पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है। हादसे के बाद एक ट्रेन पटरी से उतर गई। इसके चलते उस ट्रेन के कई डिब्बे पलट गए। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ट्रेनों की आमने-सामने की टक्कर हुई। इस बीच, घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचावकर्मी मौके पर पहुंच गए हैं।
हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। इस बीच, स्थानीय पुलिस ने ट्वीट कर करीब 100 लोगों के जख्मी होने की जानकारी दी है। हालांकि अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गंभीर रूप से जख्मी यात्रियों को एयरलिफ्ट कर हॉस्पिटल पहुंचाया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 100 इमरजेंसी सर्विस व्हीकल्स को लगाया गया है।
पढ़ेंः जर्मनी में सांप्रदायिक हमले में दो पाकिस्तानी व एक सीरियाई घायल