तियानजिन धमाकों में 11 अधिकारी जांच के दायरे में, 12 गिरफ्तार
चीन के उत्तरी बंदरगाह शहर तियानजिन में खतरनाक रासायनिक पदार्थो के गोदाम में भीषण धमाकों के मामले में 12 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। 11 सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भी जांच की जा रही है।
बीजिंग। चीन के उत्तरी बंदरगाह शहर तियानजिन में खतरनाक रासायनिक पदार्थो के गोदाम में भीषण धमाकों के मामले में 12 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। 11 सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भी जांच की जा रही है। देश के शीर्ष अभियोजक ने बताया कि तियानजिन स्थानीय परिवहन कार्यालय, कार्य सुरक्षा नियामक एजेंसियां, स्थानीय सीमा शुल्क कार्यालय और एक सरकारी बंदरगाह कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने और पद का दुरुपयोग करने को लेकर जांच की गई है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में गोदाम का संचालन करने वाली कंपनी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और तीन उप महाप्रबंधक भी शामिल हैं। गौरतलब है कि 12 अगस्त की रात गोदाम में हुए धमाकों में 145 लोगों की मौत हो गई थी। शिन्हुआ के मुताबिक 28 लोग अब भी लापता और पांच सौ लोग अस्पताल में हैं। सरकार ने देश के सबसे भीषण औद्योगिक हादसों में से एक की जांच के लिए पांच टीमों का गठन कर रखा है।