अमेरिका में पुलिसकर्मी समेत तीन की हत्या
वर्जीनिया हत्याकांड के बाद अमेरिका में तीन लोगों की हत्या कर दी गई। इनमें लुसियाना में एक पुलिसकर्मी समेत दो लोगों को मार दिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ह्यूस्टन। वर्जीनिया हत्याकांड के बाद अमेरिका में तीन लोगों की हत्या कर दी गई। इनमें लुसियाना में एक पुलिसकर्मी समेत दो लोगों को मार दिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पहली घटना देश के दक्षिण-पूर्वी राज्य लुसियाना की है। यहां सनसेट इलाके में हमलावर ने पत्नी समेत तीन महिलाओं को चाकू गोद कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यही नहीं हमलावर ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी हेनरी विल्सन (51) को गोली से उड़ा दिया। हमलावर की पहचान हैरिसन ली विली जूनियर के तौर पर की गई है।
बाद में घायल महिलाओं में एक शमेका जॉनसन (40) की भी मौत हो गई। शमेका की बहन सुरले जॉनसन और हमलावर की पत्नी कर्टनी जोलीवेट को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करया गया है। शमेका और सुरले ग्रांड कोटे के अंतरिम मेयर की बहन हैं। हमलावर विली को गिरफ्तार कर लिया गया है। लुसियाना के गर्वनर बॉबी जिंदल ने घटना पर दुख जताया है।
दूसरी घटना में टेक्सास के एक स्कूल की पार्किंग में घटी। यहां एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई। टेक्सन सदर्न यूनिवर्सिटी के परिसर में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इसमें एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।