बर्लिन म्यूजियम से 100 किलो वजनी सोने का सिक्का चोरी
जर्मन मीडिया के अनुसार, चोरी हुआ 'बिग मैपल लीफ' को रॉयल कनाडा मिंट ने 2007 में जारी किया था।
बर्लिन, एएफपी। जर्मनी की राजधानी बर्लिन के म्यूजियम से 100 किलो वजनी सोने का सिक्का चोरी हो गया। इसकी कीमत 45 लाख डॉलर (करीब 29 करोड़ रुपये) आंकी गई है। चोर इतने बड़े सिक्के को ठेले पर लादकर ले गए।
जर्मन मीडिया के अनुसार, चोरी हुआ 'बिग मैपल लीफ' को रॉयल कनाडा मिंट ने 2007 में जारी किया था। इस सिक्के का ब्यास 53 सेमी है। इस पर ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का चित्र अंकित है। सिक्के के दूसरी ओर चिनार की पत्ती का चित्र है। इस तरह के छह सिक्के स्मृति के तौर पर जारी किए गए थे। इनमें से एक सिक्का बर्लिन के म्यूजियम में रखा गया था। म्यूजियम ने बताया कि 99.99 फीसद सोने की शुद्धता के चलते यह विशेष सिक्का गिनीज रिकार्ड में दर्ज है। यूनेस्को की सूची में शुमार बोडे म्यूजियम में प्राचीन ग्रीस के 1,02,000 सिक्के और करीब 50 हजार रोमन सिक्के रखे हैं।
जर्मन पुलिस ने ट्विटर पर बताया कि दो चोरों ने सोमवार तड़के घटना को अंजाम दिया। वे रेलवे लाइन से लगती इमारत में सीढ़ी लगाकर खिड़की के जरिये घुसे और सोने के सिक्के को ठेले पर लादकर फरार हो गए। पास के रेलवे लाइन से सीढ़ी बरामद कर ली गई है। जांचकर्ता सुबूत जुटाने के लिए पूरे इलाके की छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें: एच-1बी वीजा जालसाजी में फंसे दो भारतीय-अमेरिकी