भारतीय मूल के द. अफ्रीकी को फ्रीडम ऑफ सिटी ऑफ केपटाउन सम्मान
भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी स्वतंत्रता सेनानी अहमद कथरडा को 'फ्रीडम ऑफ सिटी ऑफ केपटाउन' के सम्मान से नवाजा गया है। दक्षिण अफ्रीका के सबसे पुराने शहर के नाम पर सम्मान पाने वाले वह छठे व्यक्ति हैं।
जोहांसबर्ग। भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी स्वतंत्रता सेनानी अहमद कथरडा को 'फ्रीडम ऑफ सिटी ऑफ केपटाउन' के सम्मान से नवाजा गया है। दक्षिण अफ्रीका के सबसे पुराने शहर के नाम पर सम्मान पाने वाले वह छठे व्यक्ति हैं।
भारतीय मूल के अहमद कथरडा दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के करीबी विश्वासपात्र थे। 86 वर्षीय अहमद कथरडा ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्होंने सिर्फ इतना किया है कि वह रॉबिन आइलैंड में मंडेला के साथ 26 साल जेल में राजनीतिक कैदी के तौर पर रहे। इस सम्मान को पाने वाले अन्य लोगों में मंडेला, आर्कबिशप, डेसमंड टूटू, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा हैं। कथरडा ने कहा कि वह इस अवार्ड को अपने लिए नहीं बल्कि उन सब दक्षिण अफ्रीकी नागरिकों की ओर से स्वीकार कर रहे हैं जिन्होंने अपना बलिदान दिया ताकि गैर-नस्ली, गैर-लैंगिक और लोकतांत्रिक समाज की स्थापना हो सके।