शोधकर्ताओं ने बनाई सबसे तेज घूमने वाली वस्तु
एक भारतीय समेत शोधकर्ताओं के दल ने इंसान द्वारा निर्मित अब तक की सबसे तेज घूमने वाली वस्तु बनाई है। इस उपलब्धि के लिए शोधकर्ताओं का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।
लंदन। एक भारतीय समेत शोधकर्ताओं के दल ने इंसान द्वारा निर्मित अब तक की सबसे तेज घूमने वाली वस्तु बनाई है। इस उपलब्धि के लिए शोधकर्ताओं का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।
सेंट एंड्रयूज विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने कैल्शियम कार्बोनेट का एक छोटा गोला बनाया है जो ऑप्टिकल ट्वीजर की सहायता से एक मिनट में 60 करोड़ बार घूमता है। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फिजिक्स एंड एस्ट्रोनॉमी के प्रोफेसर किशन ढोलकिया, डॉ. योशिहिको अरीता, डॉ. माइकल माजिलू ने माइक्रोमीटर व्यास वाले इस कण को निर्वात (वैक्यूम) चैंबर में घुमाया।
किसी प्रकार का घर्षण और दबाव न होने के कारण यह गोला विशेष कोण से प्रकाश डालने से इस अप्रत्याशित गति से घूमने में सक्षम होता है। ढोलकिया ने कहा कि टीम के प्रयासों से यह विश्व रिकॉर्ड बना है। यह परिणाम भौतिकी में 'सूक्ष्म प्रकाश प्रभाव' को समझने की दिशा में एक बड़ी खोज साबित होगा। यह शोध विज्ञान पत्रिका जर्नल नेचर कम्युनिकेशन में प्रकाशित है।