बेटी के जबरन धर्मातरण से सहमे माता-पिता ने बदला ठिकाना
सैय्यद समुदाय के कुछ पुरुषों ने रविता मेघवार का अपहरण किया और धर्मातरण कर उसका नाम गुलनार रख दिया। इसके बाद उसकी शादी करा दी।
कराची, प्रेट्र। पाकिस्तान में जबरन धर्मातरण का शिकार हुई 16 साल की हिंदू लड़की के माता-पिता ने अपना ठिकाना बदल दिया है। उनकी बेटी को अगवा कर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और एक मुस्लिम से शादी करा दी गई। घटना छह जून को सिंध प्रांत में थार जिले के नगरपारकर इलाके में हुई। क्षेत्र में दबदबे वाले सैय्यद समुदाय के कुछ पुरुषों ने रविता मेघवार का अपहरण किया और धर्मातरण कर उसका नाम गुलनार रख दिया। इसके बाद उसकी शादी करा दी।
घटना के बाद से हिंदू समुदाय में आक्रोश है। जियो टीवी के अनुसार, लड़की के पिता सतराम दास मेघवार वनहारो से दूसरे गांव चले गए हैं। उन्हें डर है कि उन पर भी हमला हो सकता है। मेघवार ने बताया कि उनकी बेटी को अगवा कर उससे दोगुने उम्र के व्यक्ति ने निकाह किया है।
उनके परिवार को नींद की गोली खिलाकर उनकी बेटी का अपहरण किया गया। कई बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस कुछ नहीं कर रही है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को 30 जून को बुलाया है। लड़की की मां चाहती है कि सुनवाई तक उनकी बेटी को पुलिस सुरक्षा में रखा जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि वह ऐसा नहीं कर सकती है।
यह भी पढ़ें : अफगानी सैन्य मुख्यालय में आत्मघाती हमला, 5 पुलिसकर्मियों की मौत