सर्न में शामिल होने वाला पहला गैर यूरोपीय देश बना पाकिस्तान
पाकिस्तान यूरोपियन ऑर्गेनाइजेशन फॉर न्यूक्लियर रिसर्च (सर्न) का सह सदस्य बन गया है। यूरोपीय संगठन ने पाकिस्तान को सह सदस्य बनाने का फैसला आतंरिक जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद किया।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान यूरोपियन ऑर्गेनाइजेशन फॉर न्यूक्लियर रिसर्च (सर्न) का सह सदस्य बन गया है। यूरोपीय संगठन ने पाकिस्तान को सह सदस्य बनाने का फैसला आतंरिक जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद किया। पाकिस्तान इस समूह में शामिल होने वाला पहला गैर यूरोपीय देश है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान का सह सदस्य के तौर पर चुना जाना विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में हमारी मजबूत पहचान को दर्शाता है। सर्न के महत्वाकांक्षी लार्ज हेड्रॉन कोलाइडर प्रयोग में भी पाकिस्तान योगदान दे चुका है। पाकिस्तान को यह दर्जा मिलना देश के समर्पित वैज्ञानिकों, तकनीशियनों और इंजीनियरों के साथ-साथ उन राजनयिकों के लिए भी सम्मान की बात है, जिनके कारण यह उपलब्धि हासिल हो सकी है। सह सदस्य बनने के लिए पाकिस्तान और सर्न के बीच पिछले साल 19 दिसंबर को प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की उपस्थिति में हस्ताक्षर किया गया था। सर्न की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पाकिस्तान के सह सदस्य बन जाने से उसके और यूरोपीय परमाणु संगठन के वैज्ञानिकों के बीच सहयोग का नया युग शुरू होगा। पाकिस्तान सर्न परिषद की बैठकों में हिस्सा लेकर उसके प्रशासन तंत्र में शामिल हो सकेगा।