ओबामा ने भारतीय मूल के अतुल को बनाया मालदीव व श्रीलंका का नया राजदूत
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारतीय मूल के अतुल केशप को श्रीलंका व मालदीव का नया राजदूत नियुक्त किया है। अतुल भारत स्थित अमेरिकी दूतावास में भी काम कर चुके हैं।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारतीय मूल के अतुल केशप को श्रीलंका व मालदीव का नया राजदूत नियुक्त किया है। अतुल भारत स्थित अमेरिकी दूतावास में भी काम कर चुके हैं।
अतुल के अलावा एलैना टेपलिट्ज को नेपाल का राजदूत बनाया गया है। बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि मैं खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि इन प्रतिभाशाली लोगों ने हमारे देश की सेवा करने का फैसला किया। सरकार को उनके वर्षों के अनुभव का फायदा मिलेगा।
अतुल फिलहाल विदेश विभाग के दक्षिण व मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो में उप विदेश मंत्री के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव व भूटान से जुड़ी अमेरिकी नीतियां बनाने में सहायक विदेश मंत्री निशा देसाई बिस्वाल के साथ काम किया है।
इससे पहले वह एपेक के पूर्वी एशियाई व प्रशांत क्षेत्र के ब्यूरो, दक्षिण व मध्य एशियाई ब्यूरो और संयुक्त राष्ट्र में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्जीनिया विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने वाले अतुल को दक्षिण व मध्य एशियाई मामलों का अच्छा जानकार माना जाता है।