3डी प्रिंटिंग तकनीक से तैयार होंगे सस्ते घर
अब ऐसी नई तकनीक का इजाद हुआ है जिससे आप मनचाहे डिजाइन में घरों को तैयार कर सकते हैं।
बोस्टन (प्रेट्र)। आने वाले समय में सस्ते और कम समय में घर तैयार होने लगेंगे। यही नहीं घर को जरूरत के हिसाब से मनचाहे डिजाइन में भी तैयार किया जा सकेगा।
अमेरिका के मैसाच्यूसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआइटी) के वैज्ञानिकों ने 3डी प्रिंटिंग की मदद से भवन निर्माण की नई तकनीक ईजाद की है। प्रोजेक्ट से जुड़े शोधकर्ता स्टीवन कीटिंग ने बताया, 'इस तकनीक से ऐसे डिजाइन वाले भवन का निर्माण भी आसानी से किया जा सकेगा, जिन्हें पारंपरिक तरीकों से बना पाना संभव नहीं।'
यह सामान्य 3डी प्रिंटिंग की तकनीक से बेहतर है। उसमें एक निश्चित आकार की संरचनाएं बनाना ही संभव हो पाता है। नई तकनीक में आकार की कोई बंदिश नहीं है। इसमें विशाल रोबोटिक भुजा की मदद से संरचना को तैयार किया जाता है। प्रयोग के दौरान वैज्ञानिकों ने 50 फुट व्यास और 12 फुट की ऊंचाई वाले गुंबद की दीवारें तैयार कीं। इसे तैयार करने में उन्हें 14 घंटे से भी कम का समय लगा।
वैज्ञानिकों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों किसी आपदा की स्थिति में तत्काल मजबूत रिहाइश की व्यवस्था बनाने में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।