मंगल ग्रह पर भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा मिलने का दावा
मंगल ग्रह पर जीवन की खोज के वैज्ञानिक प्रयासों से इतर कई अनोखे दावे सामने आते रहते हैं। इसी कड़ी में एलियन की जिंदगी पर शोध करने वाली कंपनी यूएफओ साइटिंग्स डेली ने मंगल पर गौतम बुद्ध की विशाल प्रतिमा होने दावा किया है।
नई दिल्ली। मंगल ग्रह पर जीवन की खोज के वैज्ञानिक प्रयासों से इतर कई अनोखे दावे सामने आते रहते हैं। इसी कड़ी में एलियन की जिंदगी पर शोध करने वाली कंपनी यूएफओ साइटिंग्स डेली ने मंगल पर गौतम बुद्ध की विशाल प्रतिमा होने दावा किया है।
यूएफओ साइटिंग्स डेली के स्कॉट सी वेयरिंग ने कहा कि तस्वीर में साफ तौर पर इस प्रतिमा का दाहिनी ओर घूमा हुआ एक सिर, छाती, पेट और कंधा दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा, "यह तस्वीर अपने आप में मंगल पर एक समय में दिमागी रूप से विकसित जीवन होने का प्रमाण है। नासा नहीं चाहती कि लोगों को इस बात की जानकारी मिले। ऐसा होने पर उसे मंगल से हासिल हुई तकनीकों और अन्य जानकारियों को भी साझा करना पड़ेगा।"
नासा आमतौर पर इस तरह के दावों पर कोई टिप्पणी नहीं करती है। हालांकि अगस्त में वैज्ञानिकों ने इस बारे में स्पष्टीकरण दिया था कि क्यों लोगों को इन तस्वीरों में तरह-तरह की आकृतियां दिखाई देती हैं। मंगल अभियान पर काम करने वाले वैज्ञानिक अश्विन वसावदा ने कहा कि नासा इस मामले में किसी तरह की जानकारी नहीं छुपा रही है।
पहले भी दिखी हैं कई आकृतियां
मंगल पर कोई आकृति दिखने का यह पहला दावा नहीं है। पहले भी तस्वीरों में यहां कई आकृतियां देखी गई हैं। कुछ समय पहले वहां एक सैन्य बंकर दिखाई देने का दावा किया गया था। इसके अलावा वहां ओबामा को चेहरा, स्टार डेस्ट्रॉयर यान और केकड़ा भी देखा जा चुका है। हालांकि वैज्ञानिक इन आकृतियों को परछाई का कमाल मानते हैं।