पहले मोटा था तो परेशान, अब दुबला हुआ तो भी परेशान
मोटापे से परेशान एक युवक ने मेहनत करके 6 सालों में अपना वजन कम किया। 122 किलो कम करने के बाद मोटापा तो दूर हो गया लेकिन अब वह अपने झूलते बदन से दु:खी है। ब्रुकलीन के रहने वाले 22 वर्षीय मैट डियाज ने अपनी दु:ख भरी कहानी का एक वीडियो
ब्रुकलीन। मोटापे से परेशान एक युवक ने मेहनत करके 6 सालों में अपना वजन कम किया। 122 किलो कम करने के बाद मोटापा तो दूर हो गया लेकिन अब वह अपने झूलते बदन से दु:खी है।
ब्रुकलीन के रहने वाले 22 वर्षीय मैट डियाज ने अपनी दु:ख भरी कहानी का एक वीडियो बनाकर अपलोड किया है। इस वीडियो में मैट ने अपना दर्द सुनाते हुए कहा है कि जब वह 16 साल का था तब उसका वजन 225 किलो था लेकिन मेहनत और सर्जरी की मदद से उसने 122 किलो वजन कम करने में सफलता हासिल की है।
हालांकि, वजन तो कम हो गया लेकिन इसके बाद उसका शरीर झूलने लगा है। डियाज ने बताया कि जब वह कभी बाहर घूमने जाता है या किसी बीच पर कपड़े उतार कर सोना चाहता है, तो वह ऐसा नहीं कर पाता क्योंकि उसका शरीर भद्दा दिखता है। डियाज ने इससे बाहर आने के लिए लोगों से मदद मांगी है।
शरीर पर लटक रही ज्यादा स्किन को हटाने के लिए उसे पैसों की जरूरत थी। डियाज ने इसके लिए एक फंड बनाया 'गो फंड मी', इसमें दो ही दिन में 1900 लोगों ने 47 हजार डॉलर दान किए। उसे ऑपरेशन के लिए मात्र 20 हजार डॉलर्स की जरूरत थी।
डियाज के अनुसार, वह अपनी वजन कम करने की जानकारी सालों से सोशल मीडिया पर डालता रहा। इस बार उसने खुद का वीडियो बनाया है ताकि वह दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर सके।
हालांकि, यह वीडियो बनाने से पहले उसने अपनी स्किन के बारे में किसी से भी नहीं बताया था। उसे डर था कि लोग उसे बदसूरत समझेंगे। अपने डर से बाहर आते हुए उसने इसे बनाया और अपलोड किया। डियाज का कहना है कि इसे पोस्ट करते वक्त में बेहद घबराया हुआ था।
[साभार: नई दुनिया]