स्वस्थ रहने पर ही नौसैनिक को भारत भेजेगा इटली
सुप्रीम कोर्ट की ओर से भारतीय मछुआरों के हत्यारोपी नौसैनिकों को किसी तरह की रियायत देने से इंकार किए जाने के बाद इटली उनमें से एक नौसैनिक को भारत वापस भेजने में आनाकानी करने लगा है। इटली के विदेश मंत्री पाओलो जेंटिलोनी ने एक स्थानीय रेडियो को सोमवार को दिए
रोम। सुप्रीम कोर्ट की ओर से भारतीय मछुआरों के हत्यारोपी नौसैनिकों को किसी तरह की रियायत देने से इंकार किए जाने के बाद इटली उनमें से एक नौसैनिक को भारत वापस भेजने में आनाकानी करने लगा है। इटली के विदेश मंत्री पाओलो जेंटिलोनी ने एक स्थानीय रेडियो को सोमवार को दिए कहा कि मैसीमिलैनो लातोरे के स्वस्थ रहने पर उन्हें भारत भेजने पर विचार किया जाएगा।
दरअसल, भारतीय सुप्रीम कोर्ट ने लातोरे की इटली में रुकने की अवधि को बढ़ाने से इंकार कर दिया है। इसके बाद इतालवी विदेश मंत्री का यह बयान आया है। कोर्ट सल्वाटोर गिरोन के उस आग्रह को भी ठुकरा चुका है, जिसमें उन्होंने क्रिसमस मनाने के लिए इटली जाने की अनुमति मांगी थी।
लातोरे को इस साल सितंबर में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को लेकर चार महीने के लिए इटली जाने की इजाजत दी गई थी। उसे अगले साल मध्य जनवरी तक भारत लौटना है। ऐसे में इतालवी विदेश मंत्री का बयान काफी अहम हो जाता है। उन्होंने इस बाबत पूछे गए सवाल पर कहा कि नौसैनिक का स्वास्थ्य उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि इटली के जहाज एनरिका लेक्सी पर सवार नौसैनिक मैसीमिलैनो लातोरे और सल्वाटोर गिरोन पर केरल के समुद्र तट पर 15 फरवरी, 2012 को गोली मारकर दो मछुआरों की हत्या का आरोप है।
पढ़ें: इतालवी नौसैनिकों को मृत्युदंड न देने के लिए बढ़ा दबाव