राजदूत को वापस भारत भेजेगा इटली
इटली ने भारत में राजदूत रहे डेनियल मेनसिनी को वापस भेजने का फैसला किया है। विरोध स्वरूप इटली सरकार ने उन्हें फरवरी में वापस बुला लिया था। रक्षा मंत्री फ्रेडरिका मोगर्नी ने बताया, दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी नौसैनिकों को वापस लाने के द्विपक्षीय प्रयास असफल हो चुके हैं। इसलिए इटली संयुक्त राष्ट्र जैसी किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था से मध्यस्थता की मांग करेगा।
रोम। इटली ने भारत में राजदूत रहे डेनियल मेनसिनी को वापस भेजने का फैसला किया है। विरोध स्वरूप इटली सरकार ने उन्हें फरवरी में वापस बुला लिया था। रक्षा मंत्री फ्रेडरिका मोगर्नी ने बताया, दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी नौसैनिकों को वापस लाने के द्विपक्षीय प्रयास असफल हो चुके हैं। इसलिए इटली संयुक्त राष्ट्र जैसी किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था से मध्यस्थता की मांग करेगा।
मोगर्नी ने सीनेट को बताया कि हमने मेनसिनी को वापस भेजने की जानकारी भारत सरकार को दे दी है। वह मैसिमिलिआनो लातोर और सल्वातोर गिरोन को वापस लाने के प्रयासों में जुटे विशेष दूत स्टाफन डि मिस्तुरा की जगह लेंगे और नए सिरे से वार्ता शुरू करेंगे। हमने भारत सरकार को बता दिया है कि इटली अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया शुरू करेगा। मोगर्नी ने कहा कि मिस्तुरा ने प्रतिबद्धता के साथ मामले को सुलझाने की कोशिश की। वार्ता के नए दौर पर नजर रखने के लिए विशेषज्ञों का एक दल बनाया जा रहा है। संसद के ऊपरी सदन सीनेट को रक्षा मंत्री ने बताया, हम चाहते थे कि यह मामला द्विपक्षीय वार्ता के जरिये सुलझ जाए मगर अंतरराष्ट्रीय मदद के बिना दोनों नौसैनिकों को वापस लाना संभव नहीं लगता।
इटली की नवनियुक्त रक्षा मंत्री ने बताया कि लातोर और गिरोन के खिलाफ भारत में चल रही कानूनी प्रक्रिया को हम वैध नहीं मानते। इटली के जहाज एनारिका लेक्सी पर तैनात दोनों नौसैनिकों ने फरवरी, 2012 में केरल तट पर दो मछुआरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस विवाद के चलते नई दिल्ली और रोम के बीच राजनयिक तनाव भड़का हुआ है।