सैन्य हमले से बौखलाए ISIS ने सीरिया में किया रासायनिक हमला
सूत्र यह तो नहीं बता पाए कि यह किस समय हुआ, लेकिन इसके संकेत दिए कि हमले में इस्तेमाल किए गए रॉकेट में क्लोरीन भरी थी।
अंकारा, आइएएनएस/प्रेट्र। सीरिया में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) ने रासायनिक हमला किया है। इसमें 22 लोग घायल हो गए। तुर्की सेना के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, तुर्की सशस्त्र बल के जनरल स्टाफ ने बताया, आइएस आतंकियों के रासायनिक हमले में विद्रोही सेना के 22 लड़ाके घायल हो गए।
सूत्र यह तो नहीं बता पाए कि यह किस समय हुआ, लेकिन इसके संकेत दिए कि हमले में इस्तेमाल किए गए रॉकेट में क्लोरीन भरी थी। रासायनिक, जैविक और रेडियोधर्मी हथियारों से घायल हुए तुर्की समर्थित सीरियाई विद्रोहियों को किलिस प्रांत स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिचली आना और सिर दर्द रासायनिक हमलों का पहला लक्षण है।
एक बयान में तुर्की सेना ने कहा कि 24 अगस्त को तुर्की सीमा के सीरियाई हिस्से से आतंकियों को खदेड़ने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन में विद्रोही सेना के कई लड़ाके मारे गए थे और 14 अन्य घायल हुए थे। मालूम हो, आइएस पर पहले भी रासायनिक हमला करने के आरोप लगे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने बीते दिनों ही चेतावनी दी थी कि आइएस यूरोप में भी रासायनिक हमले कर सकता है।
पूर्वी अलेप्पो से 400 से अधिक लोग भागे
बेरूत, प्रेट्र : निगरानी समूह सीरियन ऑब्जर्वेटरी ने बताया कि पूर्वी अलेप्पो से 400 से ज्यादा लोग विद्रोहियों के कब्जे वाले जिलों से भाग चुके हैं। एक दिन पहले ही विपक्षी गुटों के बीच फाय¨रग में 18 लोग मारे गए थे। 15 नवंबर से पूर्वी अलेप्पो में सरकारी अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 219 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 27 बच्चे भी शामिल हैं।
पढ़ें- जानिए, FBI के निशाने पर क्यों हैं ISIS के सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स