रिपब्लिकन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हरमीत
चंडीगढ़ में जन्मीं 47 वर्षीय हरमीत कौर ढिल्लों को रिपब्लिकन की राष्ट्रीय समिति में बतौर सदस्य चुना गया हैं।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में भारतीय मूल की सिख महिला का रिपब्लिकन पार्टी में कद बढ़ गया है। वह राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में अहम पद पर निर्वाचित हुई हैं।
चंडीगढ़ में जन्मीं 47 वर्षीय हरमीत कौर ढिल्लों को रिपब्लिकन की राष्ट्रीय समिति में बतौर सदस्य चुना गया हैं। उनके पक्ष में बड़ी संख्या में मत पड़े। उनका चुनाव रविवार को कैलिफोर्निया में रिपब्लिकन पार्टी कन्वेंसन में किया गया। पेशे से वकील हरमीत इससे पूर्व कैलिफोर्निया इकाई की उपाध्यक्ष थीं। वह कैलिफोर्निया में रिपब्लिकन पार्टी की उपाध्यक्ष चुनी जाने वाली पहली महिला थीं। हरमीत के जन्म के बाद उनके माता-पिता अमेरिका आ गए थे।
उनका पालन-पोषण उत्तरी कैरोलिना के ग्रामीण इलाके में हुआ। निर्वाचित होने के बाद हरमीत ने कहा, 'चंडीगढ़ से आई छोटी लड़की अब रिपब्लिकन की राष्ट्रीय समिति में शामिल हो गई है। जुलाई से आगामी चार साल तक अब्राहम लिंकन और हेरिएट टबमैन की पार्टी की राजनीति को आकार देने में वह मदद करेंगी।' हरमीत ने बतौर वकील न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को बे में प्रैक्टिस की है।