सिंगापुर में भारतीय महिला इंजीनियर को सम्मान
पुरस्कार के लिए दुनिया के 120 देशों से करीब 1900 लोगों ने आवेदन किया था।
सिंगापुर, प्रेट्र। भारत की पर्यावरण इंजीनियर तृप्ति जैन को सिंगापुर में प्रतिष्ठित कार्टियर वूमेंस इनीशिएटिव अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सूखे और बाढ़ से निपटने में छोटे किसानों के लिए किए गए काम के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
पुरस्कार के लिए दुनिया के 120 देशों से करीब 1900 लोगों ने आवेदन किया था। स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय ज्यूरी ने इनमें छह लोगों का चयन किया। 46 वर्षीय तृप्ति जैन इनमें से एक रहीं। सभी छह विजेताओं को बतौर पुरस्कार एक लाख डॉलर (करीब 65 लाख रुपये) की राशि दी गई। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कार की शुरुआत 2006 में की गई थी। तब से इस साल पहली बार पुरस्कार कार्यक्रम का आयोजन फ्रांस से बाहर किया गया।
इस मौके पर जैन ने कहा, 'मुझे गर्व है जो मेरी टीम ने हासिल किया है। पुरस्कार राशि का उपयोग काम को बढ़ाने और महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम चलाने में किया जाएगा।' जैन ने 2013 में नैरीता सर्विसेज की शुरुआत की थी। इसके तहत छोटे किसानों को बाढ़ और सूखे से बचाने के लिए वर्षा जल संचयन की तकनीक मुहैया कराई जाती है।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सरकार के पास थी अमेरिकी बम हमले की जानकारी