फसाद के बाद कुवैत में 25 भारतीय गिरफ्तार
कुवैत में आपसी झगड़े और फसाद के आरोप में दो दर्जन भारतीयों की गिरफ्तारी के बाद कुवैती सरकार से संपर्क कर रहे भारत ने अपने नागरिकों को स्थानीय कानूनों का ध्यान रखने की हिदायत दी है। साथ ही, फसाद में घायल भारतीय नागरिकों को विदेश मंत्रालय जरूरी मदद भी मुहैया करा रहा है। खबरों के मुताबिक, विवाद के बाद कु
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कुवैत में आपसी झगड़े और फसाद के आरोप में दो दर्जन भारतीयों की गिरफ्तारी के बाद कुवैती सरकार से संपर्क कर रहे भारत ने अपने नागरिकों को स्थानीय कानूनों का ध्यान रखने की हिदायत दी है। साथ ही, फसाद में घायल भारतीय नागरिकों को विदेश मंत्रालय जरूरी मदद भी मुहैया करा रहा है। खबरों के मुताबिक, विवाद के बाद कुवैती कंपनी में कार्यरत भारतीयों को बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। इनमें से अधिकतर पंजाब व राजस्थान के बताए जा रहे हैं। बंधक बनाए गए भारतीयों ने भारत सरकार से रिहाई के लिए मदद मांगी है।
कुवैत में दो गुटों के बीच झगड़े व मारपीट में दो लोगों की मौत हो गई। इस संबंध में 25 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में मारे गए नागरिक मिस्त्र के हैं। इस दौरान कई भारतीयों को भी चोटें आई हैं। विदेश मंत्रालय प्रवक्ता के मुताबिक, कुवैत स्थित दूतावास के अधिकारियों ने उस अस्पताल का दौरा किया है, जहां 15 भारतीय भर्ती हैं।
मंत्रालय प्रवक्ता के मुताबिक भिन्न नागरिकता वाले लोगों के बीच टकराव के बाद पैदा हुई स्थिति में भारतीयों को गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही भारत ने कुवैत सरकार को खत लिखा है। विदेश मंत्रालय प्रवक्ता के मुताबिक कुवैत में करीब साढ़े सात लाख भारतीय हैं और उनका काफी सकारात्मक योगदान है। साथ ही, विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीयों से विदेशों में स्थानीय कानूनों का ध्यान रखने और उनका पालन करने को कहा है।