चाइनीज प्रोडक्ट्स के बहिष्कार पर चीन ने कहा- भारत सिर्फ भौंक सकता है
भारतीय सोशल मीडिया पर चीन के उत्पादों के बहिष्कार का आह्वान जोर पकड़े हुए है।
बीजिंग, आइएनएस। भारत में चीन के उत्पादों का तेजी से हो रहा बहिष्कार चीन पचा नहीं पा रहा है। चीन सरकारी मीडिया ने आज बुधवार को कहा कि भारत सिर्फ भौंक सकता है.. भारत के उत्पाद चीन के उत्पादों का मुकाबला कभी नहीं कर सकते।
बता दें कि भारतीय सोशल मीडिया पर चीन के उत्पादों के बहिष्कार का आह्वान जोर पकड़े हुए है। सोशल मीडिया पर चीन के उत्पादों के प्रति लोगों की खिलाफत साफ देखने को मिल रही है। इसपर चीन की मीडिया ने कहा है कि यह सिर्फ लोगों की भावनाओं को भड़काने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि वास्तविकता यह है कि भारतीय उत्पाद चीनी उत्पादों का मुकाबला कर ही नहीं सकते।
चीन की मीडिया के अनुसार भारत का यह विरोध पाकिस्तान में बसे आतंकवादियों को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करवाने में चीन द्वारा लगातार विरोध किए जाने पर है। इससे भारतीय गुस्से में हैं, और उन्होंने ही चीन के उत्पादों के बहिष्कार का आह्वान किया है।
इतना ही नहीं चीन की सरकारी मीडिया ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रोजेक्ट 'मेक इन इंडिया' को भी 'अव्यावहारिक' बताया है। साथ ही कहा गया है कि भारत को अभी सड़कें और हाईवे बनाने हैं, और वहां बिजली और पानी की भी किल्लत है। सबसे बुरा यह है कि वहां हर सरकारी विभाग में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार व्याप्त है।
इस लेख में भारत और अमेरिका के अच्छे संबंध पर भी टिप्पणी की गई है। चीन के अनुसार अमेरिका भारत के समर्थन में इसलिए रहता है क्योंकि वह चीन के विकास और दुनिया में बढ़ती उसकी ताकत से जलता है।
व्यापार घाटा कम करने के लिए चीन को करना होगा भारत में निवेश
J&K: आतंकी ठिकाने से मिले चीन के झंडे और विस्फोटक, 44 गिरफ्तार