अश्वेत किशोर की मौत से उबला ओबामा का गृहनगर
बीते साल श्वेत पुलिस अधिकारी की गोलीबारी में मारे गए अश्वेत किशोर का वीडियो वायरल होने के बाद से अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के गृहनगर शिकागो में तनाव बना हुआ है। छोटे-छोटे समूहों में लगातार तीसरे दिन गुरुवार को लोगों ने प्रदर्शन किया।
शिकागो। बीते साल श्वेत पुलिस अधिकारी की गोलीबारी में मारे गए अश्वेत किशोर का वीडियो वायरल होने के बाद से अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के गृहनगर शिकागो में तनाव बना हुआ है। छोटे-छोटे समूहों में लगातार तीसरे दिन गुरुवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। 17 साल के अश्वेत लाक्वान मैकडोनाल्ड को शिकागो के पुलिस अफसर जैसन वान डाइक ने बीते साल 20 अक्टूबर को 16 बार गोली मारी थी। मंगलवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद उसे प्रथम दर्जे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था।
इससे लोगों का गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को भी विरोध में कई रैलियों का आह्वान किया गया है। प्रदशर्नकारी समूहों ने शिकागो के मशहूर मिशिगन ऐवेन्यू शॉपिंग डिस्ट्रिक्ट को बंद करने में सहयोग की लोगों से अपील की है। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने लोगों से शांति रखने की अपील की है। इस बीच, शिकागो नगर परिषद के सदस्यों ने पुलिस प्रमुख से इस्तीफे की मांग की है।
20 शिकायतें, पर कार्रवाई नहीं
डाइक से जुड़ा डाटाबेस बताता है कि उसके खिलाफ कम से कम 20 बार शिकायत की गई थी। लेकिन, कभी भी कार्रवाई नहीं हुई। एडवर्ड नैन्से को उसने 2007 में गिरफ्तार किया। इस दौरान लगी चोटों के लिए नैन्से ने 3.5 लाख डॉलर का मुकदमा जीता था। पर उसकी शिकायत को भी गंभीरता से नहीं लिया गया। सन टाइम्स के अनुसार डाइक के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग को लेकर सात शिकायतें की जा चुकी है। दो मामलों में उस पर हथियार के इस्तेमाल का भी आरोप लगा था।