सांसदों की मंजूरी के बाद जर्मनी में बुर्के पर प्रतिबंध
बुर्के पर आंशिक प्रतिबंध लगाने और कई अन्य सुरक्षा संबंधी उपायों जैसे कानून को जर्मनी की संसद में हरी झंडी मिल गई है।
बर्लिन(आइएएएस)।जर्मनी आतंकी हमलों को टालने के सुरक्षा उपाय के तौर पर मुस्लिम महिलाओं के बुर्का पहनने पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। संसद के निचले सदन ने इस पर प्रतिबंध लगाने के बिल को पारित कर दिया है। अब इसे ऊपरी सदन को भेजा जाएगा।
हालांकि बुर्के पर आंशिक तौर पर ही प्रतिबंध लगाया जाएगा। लोक सेवकों, जजों और सैनिकों के कार्य के दौरान बुर्का पहनने पर रोक होगी। यह कदम बढ़ते आतंकी हमलों के चलते उठाया गया है। हाल ही में बर्लिन के क्रिसमस बाजार में आतंकी हमले में 12 लोग मारे गए थे।
बीबीसी के अनुसार, बिल पर निचले सदन की मुहर लगने के बाद गुरुवार को गृहमंत्री थॉमस डी माइजियरे ने कहा कि बुर्के पर प्रतिबंध लगाने का यह कदम दर्शाता है कि दूसरी संस्कृतियों के प्रति कितनी सहिष्णुता है। दक्षिणपंथी पार्टियां फ्रांस की तरह बुर्के पर पूर्ण प्रतिबंध चाहती हैं लेकिन इस पर आंशिक प्रतिबंध ही लगाया जा रहा है। फ्रांस में साल 2011 से सार्वजनिक स्थानों पर बुर्का पहनने पर पूरी तरह रोक है। इस साल फरवरी में बवेरिया प्रांत ने सरकारी कार्यस्थलों, स्कूलों, विश्वविद्यालयों और ड्राइविंग के समय बुर्का पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
यह भी पढ़ें: US बना रहा आगे की रणनीति, उत्तर कोरिया की दो टूक- 'हमसे न उलझें'