चीन में घूस लेने वाले कम्युनिस्ट नेता को मिली उम्रकैद की सजा
चीन में सत्ता पर आसीन कम्युनिस्ट पार्ट के एक नेता को घूस लेने के मामले में उमक्रैद की सजा मिली है।
बीजिंग, (रायटर)। चीन में सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को घूस लेने के मामले में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। वान क्विंगलियांग सन 2014 में महत्व वाले ग्वांग्झू शहर के पार्टी प्रमुख थे, तभी उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
पार्टी की आंतरिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर मामले पुलिस को सौंपा गया। कानूनी जांच में वह दोषी साबित हुए और शुक्रवार को उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। इस कार्रवाई को राष्ट्रपति शी चिनफिंग के भ्रष्टाचार के खिलाफ छेड़ी गई लड़ाई का असर माना जा रहा है।
पढ़ें- सामने आया यूपीए के दौरान हुुआ एक और घोटाला, जांच के घेरे में डिफेंस डील!
अदालत ने अपने फैसले में कहा है कि वान को 15 मिलियन डॉलर (एक अरब रुपये) से ज्यादा की रिश्वत या उपहार लेने के मामलों में दोषी पाया गया है। उन्होंने यह लाभ सरकारी पदों पर प्रोन्नति और ठेके स्वीकृत कराने के मामलों में लिया। अदालत ने उनकी सारी संपत्ति जब्त करने का भी आदेश दिया है।
वान ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खुद स्वीकार भी किया और अपने दोष से संबंधित सुबूत भी अदालत को उपलब्ध कराए। इसके बाद अदालत ने उन्हें मौत की सजा से राहत देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। उल्लेखनीय है कि चीन में भ्रष्टाचार के मामलों की सुनवाई करने वाली अदालत पर कम्युनिस्ट पार्टी का ही नियंत्रण है।