महिला बॉस से डरा महसूस करते हैं पुरुष
महिला बॉस के अधीन पुरुष कर्मचारी डरा हुआ महसूस करते हैं और इसी कारण वह जिद्दी रुख अपनाते हैं। सोसाइटी फॉर पर्सनेलिटी एंड सोशल साइकोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार पुरुष कर्मियों के ऐसे व्यवहार के कारण कार्यस्थल पर माहौल बिगड़ता है। मिलान के बोक्कोनी विश्वविद्यालय की शोधकर्ता इकाटेरिना नेचायेवा
लंदन। महिला बॉस के अधीन पुरुष कर्मचारी डरा हुआ महसूस करते हैं और इसी कारण वह जिद्दी रुख अपनाते हैं। सोसाइटी फॉर पर्सनेलिटी एंड सोशल साइकोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार पुरुष कर्मियों के ऐसे व्यवहार के कारण कार्यस्थल पर माहौल बिगड़ता है।
मिलान के बोक्कोनी विश्वविद्यालय की शोधकर्ता इकाटेरिना नेचायेवा के अनुसार, 'समाज में महिलाओं द्वारा कई स्थानों पर कमान संभालने के कारण पारंपरिक अवधारणा धूमिल पड़ती जा रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिवार चला रही हैं। इस कारण महिला सशक्तीकरण की हिमायत करने वाले पुरुषों को भी खतरा महसूस होता है, चाहे वह इसे मानें या नहीं।'
एक अमेरिकी विश्र्वविद्यालय में इस विषय से जुड़े एक शोध के अंतर्गत 76 कॉलेज छात्रों को शामिल किया गया था। इस दौरान उन्हें एक नकली जॉब इंटरव्यू में भूमिका निभाने को कहा गया। इसके बाद इंटरव्यू में छात्रों द्वारा इस्तेमाल उग्र शब्दों को परखा गया। यह देखा गया कि महिला मैनेजरों के सामने छात्रों ने अधिक उग्र व्यवहार दिखाते हुए वेतन पर ज्यादा मोलभाव किया गया। वहीं छात्राओं को इस बात की चिंता नहीं थी कि मैनेजर स्त्री है या पुरुष।
शोधकर्ता नेचायेवा के अनुसार कार्यस्थलों पर महिला बॉस के अधीन पुरुष कर्मचारियों के उग्र व्यवहार से काम का नुकसान होने के अलावा कार्यस्थल का माहौल बिगड़ता है और टीम की उत्पादक क्षमता में भी कमी आती है। वहीं महिला बॉस अक्सर कार्यस्थल के माहौल को खुशनुमा बनाए रखने के लिए अधिक सक्रिय दिखती हैं और खुद को कम महत्वाकांक्षी भी दर्शाती हैं।